छत्तीसगढ़

जीपीएम में विकसित भारत के संकल्प के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित…

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जीपीएम जिले के पेंड्रा के कृषि उपज मंडी प्रांगण पतगवां में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया और सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ प्रारंभ हुई उनकी जनसेवा की यात्रा को आज 25 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। उन्होंने जनता-जनार्दन के आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए भारत के लोकतंत्र और संविधान के प्रति नमन व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि इन 25 वर्षों में अर्जित जनविश्वास और अनुभव ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और यह पूंजी देश की जनता की है। जनता-जनार्दन ईश्वर का स्वरूप है और देश के प्रत्येक नागरिक का उन पर अधिकार है। मां भारती की निस्वार्थ सेवा ही उनका धर्म और कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि जीवन की प्रत्येक घटना से उन्होंने कुछ न कुछ सीखा है और हर चुनौती ने उनके धैर्य एवं संकल्प को और मजबूत किया है। साधन और संसाधन सीमित हो सकते हैं, लेकिन सपने और हौसले हमेशा बड़े होने चाहिए। कर्म को कर्तव्य और साधना बताते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रयास कभी रुकने नहीं चाहिए।

प्रधानमंत्री ने देश के विकास में स्वयंसेवकों और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को नई बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए जोश, जज्बा और सामूहिक संकल्प आवश्यक है। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की बढ़ती ताकत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की प्रतिभा और सामर्थ्य की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है। वह दिन दूर नहीं, जब ‘मेक इन इंडिया’ की गूंज पूरी दुनिया में और अधिक मजबूती से सुनाई देगी।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति और अदम्य इच्छाशक्ति पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र जरूर बनेगा। उन्होंने राष्ट्रसेवा के संकल्प को और सशक्त बनाने तथा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपनी पूरी ऊर्जा और सामर्थ्य के साथ योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सेवा ज्योति यात्रा में शामिल स्वयंसेवकों और देशवासियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्वयंसेवक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

?s=32&d=mystery&r=g&forcedefault=1
News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button