छत्तीसगढ़

तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन, 1800 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

रायपुर: जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन 5 अक्टूबर 2026 को गांधी स्टेडियम में संपन्न हुआ। 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के लगभग 1800 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन गांधी स्टेडियम, पी.जी. कॉलेज मैदान, बैडमिंटन हॉल एवं सेंट जेवियर स्कूल मैदान में किया गया।

समापन समारोह शाम 5 बजे गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल सहित कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा 4×100 मीटर रिले रेस प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। आयोजन में लगभग 150 कोच, मैनेजर एवं निर्णायकों ने भी सहभागिता की।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को समापन समारोह में सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 2,000, 1,500 एवं 1,000 रुपये तथा दलीय खेलों में क्रमशः 4,000, 3,000 एवं 2,000 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि खिलाड़ियों के बैंक खातों में ऑनलाइन अंतरित की जाएगी। इस अवसर पर व्यक्तिगत खेलों के विजेताओं को मेडल एवं ट्रॉफी तथा दलीय खेलों के विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो एवं मेडल प्रदान किए गए।

?s=32&d=mystery&r=g&forcedefault=1
News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button