छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर….

रायपुर: प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने आज मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आमाखेरवा में निर्माणाधीन 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल, झगराखंड रोड पर निर्माणाधीन अस्थायी मेडिकल कॉलेज एवं बालक-बालिका छात्रावास तथा परसगढ़ी में बन रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों, इंजीनियरों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और परियोजनाओं के पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

220 बिस्तरीय अस्पताल का लिया जायजा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सबसे पहले आमाखेरवा में निर्माणाधीन 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से अब तक पूर्ण हुए कार्यों और शेष निर्माण कार्यों की स्थिति के बारे में चर्चा की। मंत्री ने कहा कि यह अस्पताल मनेंद्रगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। अस्पताल का निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।

अस्थायी मेडिकल कॉलेज और छात्रावास निर्माण की भी समीक्षा

इसके बाद मंत्री ने मनेंद्रगढ़ के झगराखंड रोड पर निर्माणाधीन अस्थायी मेडिकल कॉलेज एवं बालक-बालिका छात्रावास के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। वहीं, बालक एवं बालिका छात्रावासों के निर्माण से मेडिकल कॉलेज में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

परसगढ़ी मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

मंत्री जायसवाल ने परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण एमसीबी जिले के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और आम नागरिकों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में पूरे हों कार्य

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सभी निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं इंजीनियरों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक संसाधन एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करना है, इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

?s=32&d=mystery&r=g&forcedefault=1
News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button