दिल्ली विधानसभा चुनाव: अरविंद केजरीवाल आज दोपहर 12 बजे जारी करेंगे आप का मैनिफेस्टो

दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP) सोमवार को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। जानकारी के मुताबिक अरविंद केजरीवाल दोपहर 12 बजे आप का मैनिफेस्टो जारी करेंगे। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को 'मैनिफेस्टो' को जारी किया। BJP ने तीन चरणों में अपना 'मैनिफेस्टो' किया है। जिसमें दिल्ली की जनता से कई वादे किए गए हैं। 'मैनिफेस्टो' के तीसरा भाग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जारी किया। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आज दिल्ली 2025 विधानसभा चुनाव के लिए BJP के 'मैनिफेस्टो' का अंतिम हिस्सा जारी करने के लिए मैं आप सबके सामने उपस्थित हुआ हूं। जैसे कि BJP की परंपरा है, हम चुनाव को बहुत गंभीरता से लेते हैं। चुनाव को जनसंपर्क का माध्यम भी मानते हैं और चुनावों के माध्यम से बनने वाली सरकारों के नीति निर्धारण को निश्चित करने के लिए हम जनता के बीच जाकर चुनाव में BJP से उनकी क्या अपेक्षा है, ये जानकारी भी एकत्र करते हैं।
'मैनिफेस्टो'-3 में किए गए कौन-कौन से वादे
- अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार सत्ता में आती है तो दिल्ली में रेहड़ी-पटरी वालों को हमारी सरकार आर्थिक मदद देगी।
- इसके अलावा 1700 अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देंगे साथ ही निर्माण और बेचने का अधिकार दिया जाएगा।
- यमुना रिवर फ्रंट का विकास करेंगे।
- दिल्ली में पांच लाख रुपये तक का फ्री इलाज देंगे।
- आयुष्मान योजना का लाभ देंगे।
- युवाओं को 50 हजार सरकारी नौकरी देंगे।
- 13 हजार बसों को ई-बसों में बदलेंगे।
- दिल्ली की सील दुकानों को छह महीने के अंदर फिर से खुलवाएंगे।
- दुकानों को फ्री होल्ड करने का काम किया जाएगा।
- गिग श्रमिकों के लिए 5 लाख दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। इनके बच्चों को छात्रवृति दी जाएगी।
- श्रमिकों को टूलकिट के लिए 10 हजार की सहायता, पंजीकृत श्रमिकों को लोन और दुर्घटना बीमा।
केजरीवाल ने पूरे नहीं किए कोई वादे
दिल्ली में केजरीवाल ऐसी सरकार चला रहे हैं, जो वादे करते हैं। उन्हें पूरा नहीं करते हैं और फिर से झूठ के एक बहुत बड़े पुलिंदे और भोले से चेहरे के साथ जनता के सामने उपस्थित होते हैं। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में इतनी सफाई से झूठ बोलने वाला व्यक्ति नहीं देखा है। केजरीवाल ने कहा था कि मैं मेरी सरकार का कोई मंत्री सरकारी बंगला नहीं लेंगे। लेकिन इन्होंने बंगला लिया, यहां तक तो ठीक था। लेकिन 51 करोड़ से ज्यादा खर्च करके 4 बंगलों को एकसाथ मिलाकर इन्होंने एक शीश महल बना दिया।